भारत-जर्मनी के बीच आतंक निरोधी समझौते पर चर्चा
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जर्मनी के राष्ट्रपति हॉर्स्ट कोहलर के साथ कई सारे द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। इसमें व्यापार व निवेश को गति देना, आतंक निरोधी सहयोग, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे।
दोनों नेताओं ने आतंक निरोधी सहयोग के लिए प्रस्तावित एक समझौते पर तथा आर्थिक व प्रौद्योगिकी सहयोग हेतु एक प्रारूप समझौते पर चर्चा की और इन्हें आगामी महीनों में अंतिम रूप देने का निश्चचय किया।
सुरक्षा समझौते के तहत भारतीयों को जर्मनी में आतंक निरोधी विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिए जाने के लिए एक कानूनी आधार और प्रारूप तैयार करने की परिकल्पना की गई है। गृह मंत्रालय, जर्मन अधिकारियों द्वारा भेजे गए समझौते के प्रारूप का अध्ययन कर रहा है।
कोहलर ने प्रमुख वित्तीय संस्थानों में भारत जैसी प्रमुख उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किए जाने का समर्थन किया।
कोहलर, वित्तीय नियमन संबंधी मुद्दों पर चर्चा के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर डी.सुब्बाराव और मुख्य महाप्रबंधक ग्रेस कोशी से शुक्रवार को मुंबई में मुलाकात करेंगे।
कोहलर ने उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील मंगलवार की रात कोहलर के सम्मान में भोज आयोजित करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications