हैदराबाद में अस्पताल में आग, 40 घायल (लीड-2)
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमाजिगुडा इलाके में स्थित पार्क सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में आग लग गई थी। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और अस्पताल में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।
पुलिस के अनुसार अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में दो घंटे लगे। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से अस्पताल में आग लगी।
घायलों में मरीज, नर्स और अस्पताल के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने कहा अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष से आठ मरीजों को निकाला गया था। आग लगने के बाद तीन लोग अस्पताल की पांच मंजिल की इमारत से कूद गए थे, जिस वजह से उन्हें चोट आई।
घायलों को निजाम चिकित्सा विज्ञान संस्थान (निम्स) और यशोदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में छह की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों में शामिल एक नर्स को दिल का दौरा पड़ गया, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री दानाम नागेंद्र ने संवाददाताओं से कहा कि अस्पताल में आग लगने के मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications