होंडा भारत आठ हज़ार कारें वापस लेगी

जापान की प्रमुख वाहन कंपनी होंडा भारतीय बाजार से ख़राब पॉवर विंडो स्विच वाली 8,532 सेडान-सिटी कारों को वापस लेगी. कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी खामी वाले वाहनों को बाज़ार से वापस लेने की घोषणा की थी.
कंपनी की भारतीय इकाई होंडा सिएल कार्स इंडिया ने कहा कि वह भारत में 8,532 सिटी कारों को बाज़ार से वापस लेगी. कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इन कारों का निर्माण वर्ष 2007 में किया गया था. कंपनी ने कहा है कि वह पॉवर विंडो स्विच को बदलने के लिए इन कारों को बाज़ार से वापस ले रही है.
विंडो स्विच को बदलने का काम बिना किसी पैसे के किया जाएगा. हालाँकि कंपनी ने कहा है कि फिलहाल भारत में बेची जा रही सिटी कारों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. इसके पहले होंडा ने ख़राब पॉवर विंडो स्विच की ख़बरों के बाद दुनियाभर से अपने 6.46 लाख जैज मॉडलों को बाज़ार से वापस लेने की घोषणा की थी.
होंडा और सिएल लिमिटेड के संयुक्त उपक्रम का कहना है कि कि जैज कारों को वापस लेने का भारत पर असर नहीं पड़ेगा. कंपनी ने कहा कि पहली पीढ़ी की जैज कारों को बाज़ार से वापस लिया जा रहा है, जबकि भारत में उसके बाद की जैज कारों की बिक्री की जा रही है.












Click it and Unblock the Notifications