माया, सोनिया की माला जप रहे अमर सिंह

टेलीविजन चैनल सीएनएन-आईबीएन को दिए गए इंटरव्यू में अमर सिंह ने मायावती और सोनिया गांधी का जमकर गुणगान किया। यही नहीं इस दौरान उन्होंने कई मामलों में मुलायम सिंह को कठघरे में भी खड़ा करने की कोशिश की।
मायावती के लिए हमदर्दी
अमर सिंह ने मुलायमवादी नीतियों की जमकर आलोचना करते हुए बोले कि वो समझ रहे हैं कि मायावती के दिल पर क्या बीती होगी, जब 1995 में लखनऊ के गेस्ट हाउस में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया था।
उन्होंने कहा, "अब मुझे उनके दर्द का अहसास हो रहा है, क्योंकि मायावती ने भी मुलायम सिंह जी का भरपूर समर्थन किया, लेकिन जब उन्होंने अपना समर्थन वापस ले लिया तो मुलायम सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने गेस्ट हाउस में घेर लिया। उस दौरान मायावती के साथ अभद्रता भी की।"
बड़ी राजनीति का अंश
मायावती की तारीफ करते हुए अमर सिंह ने कहा कि इतनी कठिन राहों पर चलकर भी इस मुकाम पर पहुंच कर मायावती ने साबित कर दिया कि उन्हें हराना बच्चों का खेल नहीं है। इसी क्रम में सपा की अन्य प्रतिद्वन्द्वी पार्टी कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तारीफ करते नहीं थके। उन्होंने आगे कहा कि माया और सोनिया दोनों ने अपने अधिकार की लड़ाई लड़ी। एक ने राज्य में अपने आपको सिद्ध किया तो दूसरी ने पूरे देश पर अपना पर्चम लहराया।
अमर सिंह की इन बातों से यह साफ हो गया है कि वे अब ज्यादा दिन तक सपा के सिपाही नहीं बने रहना चाहते हैं। कुल मिलाकर उन्होंने सपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और इस प्रकार की बातें कर वे अन्य पार्टियों के आंगन में झांक रहे हैं, कि शायद वो एक बार फिर किसी पार्टी के मजबूत स्तंभ बनने की तैयारी कर रहे हैं। यही नहीं ये बातें एक बड़ी राजनीति का अंश भी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications