मेघालय में दो-दो मुख्यमंत्री!
शिलांग, 31 जनवरी (आईएएनएस)। आप मानें या न मानें, लेकिन यह सच है। उत्तर पूर्व के राज्य मेघालय में अब दो मुख्यमंत्री हैं। ये हैं- वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी. डी. लापांग और पार्टी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष फ्राइडे लिंगदोह।
सरकार की ओर से जारी एक अधिसूचना के मुताबिक लापांग संवैधानिक तौर पर राज्य के मुख्यमंत्री हैं जबकि लिंगदोह को मुख्यमंत्री का दर्जा दिया गया है और वह इस ओहदे से संबंधित सभी लाभों के हकदार होंगे लेकिन उनके पास कोई संवैधानिक शक्ति नहीं होगी।
लिंगदोह इससे पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री थे।
आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, "लिंगदोह को उपमुख्यमंत्री की जगह मुख्यमंत्री का पद व दर्जा देकर उन्नति दी जा रही है। वह मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम करते रहेंगे।"
राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस सरकार को स्थायित्व देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में लिंगदोह ने राज्य के सात अन्य विधायकों के साथ लापांग के खिलाफ बगावत कर दी थी। उन्होंने दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। समझौते के फार्मूले के तहत वर्तमान व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications