पश्चिम बंगाल में नक्सलियों की गोलीबारी, 3 ग्रामीण घायल
कोलकाता, 30 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर में नक्सलियों की ओर से एक स्थानीय क्लब में की गई गोलीबारी में तीन ग्रामीण घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
शल्बनी पुलिस स्टेशन के धनशोला गांव में आठ नक्सलियों ने शुक्रवार देर रात एक स्थानीय क्लब पर उस समय गोलियां बरसाईं जब वहां लोग एकत्र होकर एक लोक नाट्य देख रहे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हमने शनिवार तड़के हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर रवाना कर दिए। हमारे अधिकारी अभी मौके से नहीं लौटे हैं, इसलिए अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।"
उन्होंने बताया कि अब तक कोई गिरफ्तारी भी नहीं की गई है। अधिकारी ने बताया, "गोलीबारी के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए। एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे कोलकाता अस्पताल में ले जाया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications