गोदावरी नदी में नौका पलटी, 10 मरे, 20 लापता (लीड-1)
हैदराबाद, 30 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में शनिवार को क्षमता से अधिक लोगों को ले जा रही एक नौका के गोदावरी नदी में पलट जाने से चार महिलाओं सहित कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 लापता हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 20 अब तक लापता हैं। नौका में 70 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश तीर्थयात्री थे। स्थानीय लोगों ने 40 लोगों को बचा लिया।
यह हादसा पश्चिमी गोदावरी जिले के नरसापुरम मंडल के उप्पुतेरु इलाके में हुआ। नाव पर सवार ज्यादातर लोग लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि नौका पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसी वजह से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पलटने से पहले यह नौका एक खाली नौका से टकराई।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे संयुक्त जिलाधिकारी रोनाल्ड रॉस को पीड़ितों के परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा। उन्होंने लापता लोगों को तलाशने के लिए हरसंभव कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के. रोसैया ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री से राहत कार्यो की निगरानी करने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications