दिल्ली, मुंबई में दिखाई जाएगी दलाई लामा से जुड़ी फिल्म
धर्मशाला, 30 जनवरी (आईएएनएस)। तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा और उनके लोगों से जुड़ी डाकुमेंट्री फिल्म (वृत्तचित्र) 'द सन बिहाइंड द क्लाउड्स: तिब्बत्स स्ट्रगल फॉर फ्रीडम' मुंबई और दिल्ली में अगले महीने दिखाई जाएगी।
तिब्बत की निर्वासित सरकार की वेबसाइट पर कहा गया है कि दिल्ली की रहने वाली फिल्म निर्माता रितु सरीन और तेनजिंग सोनम द्वारा तैयार की गई इस फिल्म को सात फरवरी को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता खण्ड में प्रदर्शित किया जाएगा। जबकि 12 फरवरी को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में यह फिल्म दिखाई जाएगी।
तिब्बती फिल्म निर्माता तेनजिंग सोनम और उनकी पत्नी रितु सरीन की इस फिल्म ने कैलीफोर्निया में 18 जनवरी को आयोजित 21 वें वार्षिक पाम स्प्रिंग्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में 'दर्शकों की पसंदीदा वृत्तचित्र' पुरस्कार जीत चुकी है।
इस फिल्म में तिब्बत में वर्ष 2008 में हुए विरोध प्रदर्शनों, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया, बीजिंग ओलंपिक और नवंबर 2008 में दलाई लामा के प्रतिनिधि और चीनी सरकार के बीच बातचीत टूटने से जुड़ी घटनाओं को दिखाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications