नशे में धुत्त महिला ने सड़क दुर्घटना में 2 की जान ली (लीड-2)
पुलिस ने महिला के खिलाफ इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। मुंबई की एक अदालत ने उसे पांच फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह हादसा मरीन लाइंस के समीप शुक्रवार रात एक बजे हुआ। नशे में धुत्त 27 वर्षीया नूरिया यूसुफ हवेलीवाला अपनी होंडा सीआरवी कार पर नियंत्रण खो बैठी और उसकी चपेट में यातायात पुलिस की एक क्वालिस कार और दो अन्य वाहन आ गए।
एल.टी.मार्ग पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार चिकित्सकीय जांच में पता चला कि नूरिया नशे में थी, जिस वजह से वह होंडा सीआरवी कार पर काबू न रख सकी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) हिमांशु राय ने शनिवार को बताया के महिला पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया और मुंबई की एक अदालत ने उसे रिमांड पर पांच फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
कोलाबा इलाके में रहने वाली नूरिया मरीन ड्राइव पर 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कार चला रही थी। उसकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार की पिछली सीट पर बियर की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उसने अल्कोहल के साथ किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन भी तो नहीं किया था।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार अफजल मुखमोजिया को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल पांच पुलिसकर्मियों को बाम्बे अस्पताल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां एक पुलिसकर्मी ने दम तोड़ दिया।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान दीनानाथ शिंदे के रूप में हुई है। घायलों में दो अन्य पुलिसकर्मी शैलेंद्र जादव और अर्जुन गायकवाड़ की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि लाला शिंदे और अशोक शिंदे को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
राज्य के गृह मंत्री आर.आर.पाटिल और मुंबई के पुलिस आयुक्त डी. शिवनंदन ने बाम्बे अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल पूछा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications