अमर ने की माया-सोनिया की तारीफ
नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा देने का दबाव झेल रहे वरिष्ठ नेता अमर सिंह ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती की तारीफों के पुल बांधें। उन्होंने कहा कि दोनों ने विषम परिस्थितियों में खुद को साबित कर दिखाया है।
समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन को दिए एक साक्षात्कार में अमर ने कहा, "दोनों (सोनिया गांधी और मायावती) देश की ऐसी हस्तियां हैं जिन्होंने अपने दम पर देश की राजनीति में यह मुकाम हासिल किया है। एक ने उत्तर प्रदेश में विषम परिस्थितियों में खुद को साबित किया तो दूसरे ने देश में।"
अमर ने सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव पर भी निशाना साधा और वर्ष 1995 में मायावती के साथ किए गए दुर्व्यवहार के लिए उन्हें आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा, "गेस्ट हाउस एपिसोड के दौरान उनके साथ जो दुर्व्यवहार हुआ उसका दर्द में समझ सकता हूं। मायावती मुलायम सरकार का जब तक समर्थन कर सकती थी तब तक उन्होंने किया लेकिन जैसे ही उन्होंने समर्थन वापस लेने का फैसला किया और मुलामय सत्ता से बाहर हो गए तो उनके समर्थकों ने गेस्ट हाउस में उन्हें घेर लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।"
अमर ने कहा कि उनके साथ भी अब वैसा ही व्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा, "पिछले 14 वर्षो तक पूरी निष्ठा और आदर्श के साथ मैंने पार्टी और नेताजी (मुलायम) के लिए काम किया।"
उन्होंने कहा, "मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जिसके पास कोई विकल्प नहीं है।"
अमर के कहा, "सपा यह सोचती है कि मैं कांग्रेस का विरोधी रहा हूं तो कांग्रेस मुझे स्वीकार नहीं करेगी, लालकृष्ण आडवाणी का विरोध करता रहा तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुझे नहीं स्वीकार करेगी, हाल ही में मैंने मायावती के खिलाफ मोर्चा खोला था, तो मायावती मुझे नहीं लेंगी।"
उन्होंने कहा, "सपा सोचती है- घर का कुत्ता जाएगा कहां, घूम फिरकर आएगा यहां।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वह मायावती के करीब हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मैं उनसे मिला नहीं हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications