नशे में धुत्त महिला चालक ने वाहनों को टक्कर मारी, 2 मरे (लीड-1)
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह हादसा मरीन लाइंस के समीप शुक्रवार रात एक बजे हुआ। नशे में धुत्त 27 वर्षीया नूरिया युसूफ अहलूवालिया की कार की चपेट में यातायात पुलिस की क्वालिस कार और दो अन्य वाहन आ गए।
एल.टी.मार्ग पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार चिकित्सकीय जांच में पता चला कि नूरिया नशे में थी, जिस वजह से वह होंडा सीआरवी कार पर काबू न रख सकी। नूरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार अफजल मुखमोजिया को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल पांच पुलिसकर्मियों को बाम्बे अस्पताल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां एक पुलिकर्मी ने दम तोड़ दिया।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान दीनानाथ शिंदे के रूप में हुई है। घायलों में दो अन्य पुलिसकर्मी शेलेंद्र जादव और अर्जुन गायकवाड़ की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि लाला शिंदे और अशोक शिंदे को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
राज्य के गृह मंत्री आर.आर.पाटिल और मुंबई के पुलिस आयुक्त डी.शिवनंदन ने बाम्बे अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल पूछा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications