पंजाब में बनेगा निजी क्षेत्र का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा
चण्डीगढ़, 30 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर भारत में निजी क्षेत्र का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पंजाब में लुधियाना के औद्योगिक क्षेत्र में बनाया जाएगा।
करीब 3,000 एकड़ जमीन पर 'एयरोट्रोपोलिस' का निर्माण होगा जहां सिंगापुर और फ्रैंकफर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगीं।
पंजाब की नागरिक उड्डयन मंत्री उपिंदरजीत कौर ने बताया, "निजी क्षेत्र की कंपनी 'मेसर्स बंगाल एयरोट्रोपोलिस' और 'चांगी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ऑफ सिंगापुर' के सहयोग से इस हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा।"
उन्होंने बताया, "उत्तर भारत में 3,000 एकड़ जमीन पर निजी क्षेत्र द्वारा निर्मित यह पहला ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। एयरोट्रोपोलिस शहर-आधारित हवाई अड्डे की आधुनिक परिकल्पना है जहां सिंगापुर व फ्रैंकफर्ट जैसी सुविधाएं मौजूद होगी।"
कौर ने बताया कि इसे बनाने में 17,500 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मंत्री ने कहा कि चण्डीगढ़ और मोहाली से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें जून 2010 से शुरू हो जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications