पाकिस्तान में ड्रोन हमले में 9 मरे
इस्लामाबाद, 30 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान कबायली क्षेत्र में तालिबानी आतंकवादियों के संदिग्ध ठिकाने पर अमेरिकी ड्रोन हमले में कम से कम नौ लोग मारे गए। यह जानकारी एक सुरक्षा अधिकारी ने शनिवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार शुक्रवार रात यह हमला मोहम्मद खेल गांव के करीब किया गया। गत 30 दिसंबर के बाद का यह सबसे जबरदस्त हमला था।
एक स्थानीय अधिकारी ने बताया, "पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य घायलों ने रात भर में दम तोड़ दिया।"
अमेरिकी चालकरहित विमानों की बमबारी में परिसर जमींदोज हो गया और उसके भीतर खड़े कई वाहन नष्ट हो गए।
अधिकारी ने बताया कि मारे गए लोगों की शिनाख्त तत्काल नहीं हो सकी है।
पाकिस्तान सार्वजनिक तौर पर इन ड्रोन हमलों की निंदा करता आया है। उसका कहना है कि इनसे अमेरिका-विरोधी भावनाएं सिर उठाती हैं लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तानी सरकार की इस मसले पर अमेरिका के साथ सहमति है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications