कोहरे के बाद अब दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना (लीड-1)
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, " कोहरे की स्थिति गुरुवार को पहले से बेहतर थी। सुबह तड़के दृश्यता 400 मीटर तक थी तथा बाद में चमकीली धूप खिली।"
राजधानी में सुबह न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से दो डिग्री उपर था। वहीं अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर था।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी में हल्की बारिश होने की संभावना है।
अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, " पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इस वजह से इस क्षेत्र में अगले 24 घंटों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।"
कोहरा हालांकि ज्यादा घना नहीं था बावजूद इसके खराब मौसम के कारण तड़के रेल यातायात और हवाई उड़ानें प्रभावित हुई।
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "49 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं जिनमें से कुछ रेलगाड़ियां 30 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इसके अतिरिक्त 24 रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है जबकि 27 रद्द की गई हैं।"
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर 12 उड़ानों के संचालन में देरी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications