राहुल ने निर्माणाधीन पेट्रोलियम संस्थान का लिया जायजा (लीड-1)
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी करीब 11.30 बजे विमान से रायबरेली के फुर्सतगंज हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से जायस कस्बे पहुंचकर राजीव गाधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी) के निर्माणाधीन परिसर का जायजा लिया। करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ क्षेत्र में आरजीआईपीटी का निर्माण प्रस्तावित है।
राहुल गांधी जायस से जगदीशपुर स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अधीन मालविका स्टील फैक्टरी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यहां के अधिकारियों और कर्मचारियों से फैक्टरी की प्रगति की जानकारी ली।
प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद राहुल गांधी ने मुंशीगंज स्थित अतिथिगृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। करीब दो घंटे तक इस बैठक के बाद उन्होंने संसदीय क्षेत्र के कुछ प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक गुरुवार देर शाम राहुल महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना, इंदिरा गांधी आवास योजना सहित केंद्र सरकार की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए अपने संसदीय क्षेत्र के गांवों का औचक दौरा कर सकते हैं।
सिंह ने कहा कि राहुल गुरुवार रात मुंशीगंज अतिथि गृह में ठहरेंगे। उनके कार्यक्रमों से मीडिया को दूर रखा जा रहा है। वह शुक्रवार शाम दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications