भोपाल के इंजीनियरिंग संस्थान में रैगिंग, 18 छात्रों पर कार्रवाई
भोपाल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में रैगिंग के आरोप में प्रबंधन ने 18 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपी छात्रों में चार छात्राएं भी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर प्रबंधन को पुलिस के जरिए सूचना मिली थी कि सीनियर छात्र जूनियर छात्रों की रैगिंग ले रहे हैं। प्रबंधन ने जब मौके पर पहुंचकर पता किया तो कुछ छात्रों ने इसकी पुष्टि की।
संस्थान के प्रॉक्टर सुशील मित्तल ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि सीनियर छात्रों की जब परेड कराई गई तो जूनियर छात्रों ने उनकी शिनाख्त कर ली। बाद में हालांकि वे मुकर गए। इसके बावजूद प्रबंधन ने 18 छात्रों पर अलग-अलग कार्रवाई की है। आरोपी छात्रों को चार वर्गो में बांटा गया है। उनकी संलिप्तता के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी छात्रों को छात्रावास खाली करने, परीक्षा से वंचित करने, आर्थिक जुर्माना जैसी सजाएं दी गई हैं। आरोपी छात्रों में 14 छात्र और चार छात्राएं हैं।
मित्तल इस मामले को सीधे तौर पर रैगिंग मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जूनियर छात्रों ने मध्यांतर के दौरान सीनियर छात्रों द्वारा शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने की बात प्रबंधन से कही है। इसी आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
मालूम हो कि पिछले दिनों संस्थान में ही एक अप्रवासी छात्रा को जबरन मांग में सिंदूर भरने और मंगलसूत्र पहनाने का मामला सामने आया था। यह प्रकरण थाने में दर्ज है मगर आरोपी को पुलिस अब तक नहीं खोज पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications