प्रकाशस्तंभों पर राडार लगाएगा तटरक्षक बल
नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय तटरक्षक बल समुद्री सीमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए देश की 7,516 किलोमीटर लंबी समुद्री सीमा पर स्थित सभी प्रकाशस्तंभों पर राडार लगाएगा।
तटरक्षक बल की 33 वीं वर्षगांठ से पहले संवाददाताओं को संबोधित करते हुए तटरक्षक बल के प्रमुख वाइस एडमिरल अनिल चोपड़ा ने गुरुवार को कहा कि इन प्रकाशस्तंभों पर राडार के अलावा कैमरा और एआईएस सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
चोपड़ा ने कहा, " देश भर में प्रकाशस्तंभ हैं और उनकी ऊंचाई बहुत ज्यादा है। वर्ष 2005-06 में प्रकाशस्तंभों पर राडार लगाने की योजना बनाई गई थी। "
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर 351 करोड़ की लागत आएगी और इससे प्राप्त खुफिया जानकारी को समुद्री सुरक्षा के लिए जिम्मेदार सभी एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह फैसला रक्षा मंत्रालय द्वारा उठाए गए उन कदमों में शामिल है जिसकी घोषणा मंत्रालय ने नंवबर 2008 में हुए आतंकवादी हमले के बाद तटों की सुरक्षा में आने वाली खामियों को दूर करने के लिए की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications