भारत, चीन से पिछड़ना मंजूर नहीं : ओबामा (लीड-1)
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि देश की सबसे बड़ी समस्या विकास की गति में बाधा आना है, इससे अमेरिका के भारत, चीन और जर्मनी जैसे देशों से पिछड़ने का खतरा है। उन्होंने कहा कि वह अमेरिका को अन्य देशों से पीछे होना स्वीकार नहीं कर सकते।
ओबामा ने बुधवार को कहा, "जिस दिन मैंने पद संभाला मुझे बताया गया कि चुनौतियों का सामना करना काफी महत्वाकांक्षी होना है। ऐसे प्रयास विवादित साबित होंगे। हमारी राजनीतिक व्यवस्था बहुत जटिल है और ऐसे में हमें ऐसी चीजों को कुछ समय के लिए रोकना चाहिए।"
कांग्रेस के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपनी पहली 'स्टेट ऑफ यूनियन स्पीच' में ओबामा ने कहा, "इस प्रकार का दावा करने वालों से मेरा एक साधारण सवाल है: हमें कब तक इंतजार करना चाहिए? कितने लंबे समय तक अमेरिका को अपने भविष्य पर लगाम रखनी चाहिए?"
उन्होंने कहा, "वाशिंगटन हमें दशकों से इंतजार करने को कहता रहा है, जब समस्या बहुत गंभीर हो तब भी। इस बीच अपनी अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए चीन इंतजार नहीं कर रहा है। जर्मनी इंजतार नहीं कर रहा। भारत इंतजार नहीं कर रहा।"
उन्होंने कहा कि ये देश रूके नहीं हैं। ये देश दूसरे स्थान के लिए नहीं खेल रहे। वे गणित और विज्ञान पर और अधिक जोर दे रहे हैं। वे अपने आधारभूत ढांचे का पुनर्निर्माण कर रहे हैं। वे स्वच्छ ऊर्जा के विकास में गंभीर निवेश कर रहे हैं क्योंकि वे उन नौकरियों को चाहते हैं।
ओबामा ने कहा, "मैं अमेरिका का पिछड़ना स्वीकार नहीं कर सकता। यह समय उन चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का है जिन्होंने हमारे विकास में बाधा डाली है।"
ओबामा ने कहा कि एक मजबूत, स्वस्थ्य वित्तीय बाजार के निर्माण के लिए यह समय गंभीर वित्तीय सुधारों को शुरू करने का है। उन कुछ दुस्साहसों पर चौकसी रखना है जिन्होंने हाल में पूरी अर्थव्यवस्था को हिला दिया।
ओबामा ने चुनाव प्रचार के अपने एजेंडे पर वापस लौटते हुए रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का वादा किया।
परमाणु हथियार मुक्त दुनिया की कल्पना को सामने रखते हुए ओबामा ने कहा कि परमाणु सुरक्षा समिति की अप्रैल में होने वाली बैठक से इस बात को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि परमाणु हथियार आतंकवादियों के हाथों में नहीं जाएं। समिति की बैठक में भारत भी हिस्सा लेगा।
परमाणु हथियारों को अमेरिका के लोगों के लिए सबसे बड़ा संभावित खतरा बताते हुए ओबामा ने बुधवार को कहा उन्होंने पूर्व राष्ट्रपतियों जान एफ.कैनेडी और रोनाल्ड रीगन के परमाणु हथियारों को समाप्त करने के स्वप्न को अपना लिया है और एक परमाणु हथियार मुक्त दुनिया चाहते हैं।
ओबामा ने कहा कि अपनी प्रतिरोधकता सुनिश्चित करते हुए परमाणु हथियारों के जखीरे में कमी करना होगा। अगले दो दशक में हथियारों का जकीरा कम करने के लिए अमेरिका और रूस हथियार नियंत्रण संधि पर बातचीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अप्रैल में परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में 44 देश परमाणु पदार्थो को आतंकवादी हाथों तक नहीं पहुंचने देने के एक लक्ष्य के लिए एकजुट होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications