प्रधानमंत्री ने बढ़ाया एनसीसी कैडेटों का उत्साह
60वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की ओर से आयोजित रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "आज हमारा देश बहुत सी चुनौतियों का सामना कर रहा है। कुछ बाहरी और अंदरुनी ताकतें हमें विकास और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ने से रोकना चाहती हैं। हमें आतंकवाद और साम्प्रदायिकता जैसे खतरों से निपटना है।"
उन्होंने कहा, "मौजूदा परिस्थितियों में एनसीसी जैसे संगठन की अहमियत और बढ़ जाती है जो हमारे युवकों को संगठित और अनुशासित बनाकर देश की सेवा और सुरक्षा कराना सिखाती है।"
कैडेटों की हौंसला आफजाई करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "यह खुशी की बात है कि आज एनसीसी आपदा राहत, समाज सेवा, सामुदायिक विकास जैसे कामों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही है। इसके अलावा ग्लोबल वार्मिग, एड्स, कैंसर, प्रदूषण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए बहुत काम कर रही है। मुझे यकीन है कि आने वाले वक्त में एनसीसी इन अच्छे कामों को जारी रखेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications