इंडियन एयरलाइंस के विमान का अपहर्ता भारत प्रत्यर्पित
टोरंटो, 27 जनवरी (आईएएनएस)। इंडियन एयरलाइंस के विमान के वर्ष 1984 में किए गए अपहरण के मुख्य साजिशकर्ता को कनाडा ने मंगलवार को भारत प्रत्यर्पित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि 15 वर्ष पहले कनाडा में शरण लेने वाले परमिंदर सिंह सैनी (46 वर्ष) को मंगलवार सुबह भारत वापस भेज दिया गया। कनाडा की सीमा सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने उसे टोरंटो हवाई अड्डे पर एक भारतीय उड़ान में सवार कराया।
इस बात का पता नहीं चल सका कि किस एयरलाइंस की भारत को जाने वाली सीधी उड़ान में सैनी को सवार कराया गया।
छह जुलाई 1984 को श्रीनगर से दिल्ली जा रहे इंडियन एयरलाइंस के विमान का पांच सिख युवकों ने अपहरण किया था। सैनी इस दल का नेता था। विमान को 255 यात्रियों के साथ अगवा करके लाहौर ले जाया गया। अपहर्ताओं के पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने समर्पण करने के बाद 17 घंटे चले अपहरण कांड का अंत हुआ।
पाकिस्तान में चले मुकदमे में सैनी को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। बाद में उसकी सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया। पाकिस्तान छोड़ने की शर्त पर उसे 10 वर्ष बाद रिहा कर दिया गया।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कनाडा जाने के लिए उसके फर्जी पासपोर्ट का बंदोबस्त किया। सैनी वर्ष 1995 में एक फर्जी अफगान पासपोर्ट के सहारे कनाडा में दाखिल हुआ जिस पर उसका नाम बलबीर सिंह लिखा था। उसने कहा कि भारत भेजे जाने के भय से उसने अपना नाम गलत बताया। कनाडा पहुंचकर उसने स्नातक और कानून की पढ़ाई पूरी की।
उसने पिछले वर्ष कनाडा की लॉ सोसायटी के सामने वकालत करने की अनुमति देने का आवेदन दिया लेकिन आपराधिक पृष्ठभूमि के कारण सोसायटी ने उसका आवेदन खारिज कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications