बिहार में आम लोग बन रहे हैं एक दिन के 'थाना प्रभारी'
पुलिस का मानना है कि इससे पुलिस और जनता के बीच रिश्ते सुधरेंगे तथा पुलिस के कार्य की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचेगी। यह कार्य गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी से शुरू कर दिया गया।
जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगा गया है। उन्होंने बताया जब तक ये आवेदन प्राप्त होते रहेंगे यह सिलसिला जारी रहेगा।
जमुई जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश राठी ने बुधवार को बताया कि इस कार्य से जनता की पुलिस के कायरें में भागीदारी बढ़ेगी और वह पुलिस के कायरें में सहयोग देगी। उन्होंने बताया कि आम लोग जो एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनेंगे वे किसी भी मामले की जांच नहीं करेंगे और ना ही कोई आदेश पारित करेंगे। उन्हें थाना कार्यालय में फोटोग्राफी की भी मनाही होगी।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने तथा गश्त करने की उन्हें पूरी छूट होगी। यही नहीं उन्हें एक दिन के लिए पुलिस का बिल्ला और टोपी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जमुई के लोगों में इसको लेकर खासा उत्साह है। जमुई जिले में कुल 10 थाने हैं। इनमें से अधिकांश नक्सल प्रभावित माने जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications