वित्तीय स्थिरता बढ़ी है लेकिन नई चुनौतियां मौजूद हैं : आईएमएफ
वाशिंगटन, 27 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की ओर से कहा गया है कि वाल स्ट्रीट की निवेशक कंपनी लेहमैन ब्रदर्स के वर्ष 2008 में दिवालिया हो जाने के बाद अब वित्तीय बाजार फिर से मजबूत हो रहे हैं और इसके साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था संकट से उबर रही है। लेकिन असाधारण चुनौतियां अभी भी सामने खड़ी हैं।
अपनी ग्लोबल फाइनेंसियल स्टेबिलिटी रिपोर्ट (जीएफएसआर) के अपडेट में आईएमएफ ने कहा है कि यह वित्तीय सुधार केंद्रीय बैंकों और सरकार द्वारा अपनाई गईं कई सारी नीतियों का परिणाम है। लेकिन चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं, क्योंकि ये बैंक अपनी अर्थव्यवस्था, वित्तीय संस्थानों और बाजारों को ध्वस्त होने से बचाने के लिए अपनी अभूतपूर्व वित्तीय व मौद्रिक राहतों को जारी रखे हुए हैं।
आईएमएफ के मौद्रिक एवं पूंजी बाजार विभाग के निदेशक जोस विनेल्स ने संस्था के मुख्यालय में कहा, "हाल में बिक्री में आई गिरावट के बावजूद जोखिम लेने की इच्छा वापस लौट आई है, शेयर बाजारों में सुधार हुआ है और पूंजी बाजार फिर से खुल गए हैं।"
फिर भी नीति-नियंताओं को उस बैंकिंग प्रणाली की सेहत को हर हाल में दुरुस्त रखना चाहिए, जो अभी भी बेकार की संपत्तियों में फंसी पड़ी है। इसके साथ ही उन्हें यह भी सुनिश्चित कराना चाहिए कि नए सुधार को बैलेंस शीट की मजबूती तथा कमजोर बैंकों के पुनर्गठन के चक्कर में कमजोर न किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications