आल्प्स में पर्यावरण संरक्षण में सहयोग कर सकता है बॉलीवुड
विटर्बो, 27 जनवरी (आईएएनएस)। यूरोप की प्रमुख पर्वत माला आल्प्स इन दिनों अपना अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। इस पर्वत माला को बचाने के लिए जन जागरूकता की जरूरत है। इस पर्वत माला की सुरक्षा में जुटे एक संगठन के प्रमुख ने कहा है कि इस काम में बॉलीवुड मदद कर सकता है। बॉलीवुड की प्रति वर्ष औसतन 15 से 20 फिल्में यूरोप की इसी पर्वत माला पर फिल्माई जाती हैं। उन्हें उम्मीद है कि शाहरुख खान निजी तौर पर अल्पाइन संरक्षण पर जन जागरूकता के लिए कोई संदेश जारी करेंगे।
अल्पाइन कन्वेंशन के महासचिव मार्को ओनिडा ने 150 अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण पत्रकारों की एक बैठक में कहा कि अल्पाइन के पास स्पष्ट जलवायु शमन नीतियां हैं, लेकिन पर्यावरण क्षरण को रोकने के लिए लोगों में जागरूकता लाने की जरूरत है।
इस आस्ट्रियाई संगठन के प्रमुख ओनिडा ने कहा, "यहां के नागरिक समाज और राजनीतिक समाज के बीच एक स्पष्ट विभाजन रेखा है। आल्प्स की नाजुकता के बारे में लोगों में बहुत कम जागरूकता है।"
ओनिडा ने कहा कि पानी और अन्य संसाधनों की कमी अल्पाइन के पर्यावरण पर दबाव बढ़ा रहे हैं। यदि इस इलाके में शूटिंग करने वाले बॉलीवुड के लोग इसके बारे में जागरूक हो जाएं और वे यहां आने वाले भारतीय पर्यटकों में भी इस बारे में जागरूकता फैलाएं तो इस संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अल्पाइन कनवेंशन के आंकड़ों के मुताबिक हर साल यहां औसतन 15 से 20 हिंदी फिल्मों की शूटिंग होती है। आस्ट्रियाई आल्प्स पर्वत माला के मध्य स्थित टायरोल राज्य की राजधानी इन्नसब्रुक न केवल शीतकालीन खेलों के केंद्र और पर्यटन केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है, बल्कि बॉलीवुड के लिए एक पसंदीदा शूटिंग स्थल भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications