राजपक्षे भारी बहुमत से जीते, फोंसेका ने लगाया धांधली का आरोप (राउंडअप)
अब तक घोषित परिणामों के अनुसार राजपक्षे ने फोंसेका को मतों के भारी अंतर से परास्त किया है। राजपक्षे को 55 लाख या 57.81 फीसदी मत मिले हैं जबकि फोंसेका को 40.21 फीसदी मत मिले हैं।
राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "राष्ट्रपति जीत सुनिश्चित कर चुके हैं।"
उधर, फोंसेका के कार्यालय की ओर से जारी कथित बयान में आरोप लगाया गया है कि चुनाव में व्यवस्थित ढंग से धांधली हुई।
बयान में कहा गया है, "अब तक घोषित परिणामों में धांधली हुई है। चुनाव नतीजों के रूप में पेश किए जा रहे इन नतीजों पर यकीन मत कीजिए। यह आधिकारिक नतीजे नहीं हैं।"
श्रीलंका में 26 साल के खूनी संघर्ष में तमिल विद्रोहियों का सफाया किए जाने के बाद पहली बार राष्ट्रपति पद के चुनाव संपन्न हुए हैं। बुधवार को जब मतगणना हो रही थी तभी सिन्नामॉन लेकसाइड होटल को सैनिकों ने चारों ओर से घेर लिया। इसी होटल में फोंसेका ठहरे हुए हैं।
मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया, "होटल के बाहर हम करीब 200 सैनिकों को देख रहे हैं, लेकिन वे अब तक होटल में दाखिल नहीं हुए।"
उन्होंने बताया कि सेना के 10 वर्दीधारी फोंसेका को सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं।
सिन्नामॉन लेकसाइड होटल कोलंबो के पांच सितारा होटलों में से एक है। यह वायुसेना मुख्यालय के करीब है।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय नानायक्कारा ने कहा है कि फोंसेका को गिरफ्तार करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा, "हमें पता चला है कि वहां सेना के करीब 400 पूर्व कर्मी हैं। हम सिर्फ उनकी मौजूदगी पर नजर रखना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि वे कोई समस्या न पैदा करें।"
फोंसेका ने समाचार चैनल एक्स को बताया, "श्रीलंका सरकार की योजना मेरे आवास, मेरे कार्यालय, ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन, राष्ट्रीय टेलीविजन केंद्र के इर्द-गिर्द सैनिकों को तैनात करने की है और अगर वह (राजपक्षे) हार गए, तो उन्होंने सेना के कमांडरों और सुरक्षा परिषद को मुझे हिरासत में लेने का आदेश जारी कर रखा है।..वह सत्ता की बागडोर मुझे नहीं सौंपेंगे।"
फोंसेका ने कहा, "..वे पहले से ही घेराबंदी कर चुके हैं।..यह उसी ऑपरेशन का हिस्सा है..इसीलिए हम अपना मकान और दफ्तर छोड़कर यहां आ चले आए..और सभी विपक्षी नेता..वे मेरे सुरक्षा कर्मियों को धमका रहे हैं और तो और उन्होंने होटल में भी दाखिल होने की कोशिश की, हम उन्हें बाहर खदेड़ने में कामयाब रहे।.."
अपनी हत्या की आशंका पर टिप्पणी करते हुए फोंसेका ने कहा, "मैं भयभीत नहीं हूं, लेकिन मुझे पता है कि यह उनकी योजना है।..हम मुकाबला करेंगे।"
श्रीलंका में छठे राष्ट्रपति चुनाव में करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ था। श्रीलंका के निर्वाचन विभाग के अनुसार देश में 14,088,500 मतदाताओं के लिए 11,098 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मुख्य मुकाबला राजपक्षे और फोंसेका के बीच है। चुनाव मैदान में कुल 22 प्रत्याशी हैं।
राजपक्षे ने निर्धारित समय से दो साल पूर्व चुनाव कराए हैं।
फोंसेका ने वर्ष 2006 से 2009 तक सेना की कमान संभाली और तमिल विद्रोहियों के सफाए का श्रेय उन्हें भी दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications