नक्सलियों का एनएमडीसी खनन परिसर पर धावा, 19 ट्रकों को जलाया (लीड-1)
रायपुर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 100 से अधिक नक्सलियों ने एनएमडीसी लिमिटेड के खनन परिसर पर धावा बोलकर 19 ट्रकों को आग लगा दी।
राजधानी रायपुर से करीब 400 किलोमीटर दूर दक्षिण में किरंदुल में देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क खदान के परिसर पर हथियारबंद नक्सलियों ने देर रात करीब दो बजे के करीब धावा बोला।
किरांदुल पुलिस थाने के प्रभारी लखन ठाकुर ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सली किरंदुल में एनएमडीसी के 11-बी भंडार में घुस गए थे। एनएमडीसी के द्वारा माल ढुलाई के लिए भाड़े पर लाए गए ट्रकों को जला दिया। इसके चलते खदान में काम कर रहे सैकड़ों कर्मचारियों में दहशत फैल गई।"
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
नक्सली गरीब किसानों और भूमिहीन मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का दावा कर रहे हैं और वह दंतेवाड़ा में स्थित एनएमडीसी खनन क्षेत्र के आस-पास अधिक सक्रिय हैं।
छत्तीसगढ़ में पूरे साल एनएमडीसी परिसर के सुरक्षा कर्मियों पर हमले होते रहे हैं। इससे लौह अयस्क खनन भी प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications