दिल्ली में कोहरे से प्रभावित हुआ हवाई और रेल यातायात (लीड-1)
दिल्ली में तड़के 5.30 बजे दृश्यता घटकर शून्य के करीब पहुंच जाने से एक तरफ जहां 100 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं वहीं दूसरी तरफ रेल सेवाओं पर भी इसका गहरा असर पड़ा। कोहरे की वजह से कम से कम 40 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं। कई रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया और कई को रद्द कर दिया गया।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) पर उड़ानों का घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों ने इस बात की शिकायत की कि उन्हें उड़ानों के समय में परिवर्तन के बारे में जानकारी नहीं दी गई।
मुंबई जाने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचे इंजीनियरिंग के एक छात्र शशि सिंह ने बताया, "मुंबई के लिए मेरी उड़ान सुबह 6.50 बजे थी लेकिन तीन घंटे से मैं यहां इंतजार कर रहा हूं। अभी तक उड़ान में देरी की ही घोषणा की जा रही है। हैदराबाद जाने के लिए मुंबई से मेरी दूसरी उड़ान थी जो कि छूट जाएगी।"
राजधानी में इस माह अक्सर प्रति दिन कम से कम 5 से 15 घंटे तक कोहरे का असर देखा जा रहा है। सामान्यतया इस समय प्रत्येक दिन 1.5 घंटे तक ही कोहरे का असर देखा जाता है।
दिल्ली में मंगलवार को इस सत्र का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति कायम रही तो जनवरी में पिछले सात वर्षो के कोहरे का रिकॉर्ड टूट जाएगा।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "कोहरे की वजह से कम दृश्यता वाली लैंडिंग प्रक्रिया को लागू किया गया था। कई अंतर्राराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों के मार्गो में परिवर्तन किया गया जबकि कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया। कई उड़ाने रद्द भी की गई। "
कोहरे से रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा। 40 रेलगाड़ियां विलंब से चल रही हैं। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "कोहरे के कारण 11 रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं।"
कम दृश्यता की वजह से सड़क यातायात काफी प्रभावित हुआ जिससे सड़कों पर वाहन काफी धीमी गति से चल रहे थे।
न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications