राजपक्षे को बढ़त, फोंसेका के होटल की घेराबंदी (लीड-3)
कोलंबो, 27 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका में बुधवार सुबह शुरू हुई राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी पूर्व सेना प्रमुख जनरल सरथ फोंसेका से काफी आगे चल रहे हैं। एक ओर जहां मतगणना जारी है वहीं दूसरी ओर भारी हथियारों से लैस सैनिकों ने फोंसेका के होटल को घेर लिया है।
श्रीलंका में 26 साल के खूनी संघर्ष की समाप्ति के बाद पहली बार राष्ट्रपति पद के चुनाव संपन्न हुए हैं।
मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया, "होटल के बाहर हम करीब 200 सैनिकों को देख रहे हैं, लेकिन वे अब तक होटल में दाखिल नहीं हुए।"
उन्होंने बताया कि सेना के 10 वर्दीधारी कर्मी फोंसेका को सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं।
सिन्नामॉन लेकसाईड होटल कोलंबो के पांच सितारा होटलों में से है। यह वायुसेना मुख्यालय के करीब है। मतगणना जारी रहने के दौरान एक नाटकीय घटनाक्रम में सैनिकों ने उस होटल को घेर लिया, जहां फोंसेका ठहरे हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार मतगणना के ताजा नतीजों के मुताबिक राजपक्षे को 2,960,507 या 60.27 प्रतिशत मत मिल चुके थे। फोंसेका को 1,690,990 या 37.99 प्रतिशत मत मिले थे।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय नानायक्कारा ने कहा है कि फोंसेका को गिरफ्तार करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा, "हमें पता चला है कि वहां सेना के करीब 400 पूर्व कर्मी हैं। हम सिर्फ उनकी मौजूदगी पर नजर रखना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि वे कोई समस्या न पैदा करें।"
श्रीलंका में छठे राष्ट्रपति चुनावों में करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ था। श्रीलंका के निर्वाचन विभाग के अनुसार देश में 14,088,500 मतदाताओं के लिए 11,098 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मुख्य मुकाबला राजपक्षे और फोंसेका के बीच है। चुनाव मैदान में कुल 22 प्रत्याशी हैं।
राजपक्षे ने निर्धारित समय से दो साल पूर्व चुनाव कराए हैं।
फोंसेका ने वर्ष 2006 से 2009 तक सेना की कमान संभाली और तमिल विद्रोहियों के सफाए करने का श्रेय उन्हें भी दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications