पवार ने की खाद्यान्न आधारित अर्थव्यवस्था में गड़बड़ी : भाजपा
नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। बढ़ती महंगाई के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को जिम्मेदार ठहराने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब उन पर खाद्य आधारित अर्थव्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने हालांकि अपने नेता का बचाव करते हुए कहा है कि महंगाई के लिए सिर्फ एक मंत्री को दोषी नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि सभी निर्णय मंत्रिमंडल में सामूहिक रूप से लिए जाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "वह (पवार) बिचौलियों की भाषा बोल रहे हैं। आखिर क्यों गेहूं व चावल की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं।"
उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री दावा करते फिर रहे हैं कि गोदामों में अनाज भरा पड़ा है लेकिन इसके बावजूद कीमतें क्यों आसमान छू रही हैं।
प्रसाद ने कहा, "देश यह जानने का अधिकार रखता है कि डा. मनमोहन सिंह जैसे अर्थशास्त्री के प्रधानमंत्री के रहते देश की खाद्यान्न आधारित अर्थव्यवस्था का इतना कुप्रबंधन कैसे हुआ। यह सरकार रिकार्ड उत्पादन का दावा कर या तो जनता को बेवकूफ बना रही है या फिर यह सब कुप्रबंधन का नतीजा है।"
भाजपा द्वारा पवार पर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर राकांपा महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि महंगाई के लिए सिर्फ कृषि मंत्री को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा, "कोई भी संवेदनशील व्यक्ति ऐसी बात नहीं कर सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications