इथोपियाई विमान दुर्घटना में 28 शव बरामद (राउंडअप)
बेरूत, 25 जनवरी (आईएएनएस)। लेबनान की राजधानी बेरूत से सोमवार तड़के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में जा गिरे इथोपियाई विमान पर सवार लोगों में से कम से कम 28 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। विमान में चालक दल के सात सदस्यों सहित 90 यात्री सवार थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार लेबनान के परिवहन मंत्री गाजी अरीदी ने बताया कि चालक दल के सात सदस्यों और 83 यात्रियों को ले जा रहा विमान उड़ान भरने के चार मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में जा गिरा।
अरीदी ने संवाददाताओं को बताया, "विमान चालक को उड़ान में मदद कर रहे कंट्रोल टॉवर का विमान के साथ संपर्क अचानक अज्ञात कारणों से टूट गया।" बताया गया है कि उस समय मौसम बहुत खराब था और विमान तटीय गांव, नामेह के पश्चिम में कोई 3.5 किलोमीटर दूर समुद्र में जा गिरा।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इथोपिया की उड़ान संख्या ईटी-409 में सवार लोगों में 54 लेबनानी, 22 इथोपियाई और इराक, सीरिया, ब्रिटेन व फ्रांस के नागरिक भी सवार थे।
लेबनानी सेना और बचाव दल के लोग जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। बचाव कार्य में संयुक्त राष्ट्र समुद्री कार्यबल का दल भी लगा हुआ है। बचाव दल के एक सदस्य ने कहा, "मौसम हमें सहयोग नहीं कर रहा है। लेकिन हमें कुछ लोगों के जीवित होने की आशा है।"
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएनए)ने खबर दी है कि बोइंग विमान बेरूत से इथोपिया की राजधानी आदिस अबाबा जा रहा था। बेरूत के रफीक हरीरी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान ने सोमवार तड़के लेबनान के समय के अनुसार 2.35 बजे उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद ही वह राडार से गायब हो गया था।
अधिकारियों का कहना है कि समुद्र में गिरने से पहले विमान पर बिजली गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने बहुत तेज आवाज के बाद शोलों से घिरे विमान को समुद्र में गिरते देखा।
इस बीच इथोपियन एयरलाइंस के एक अधिकारी ने हवाई अड्डे पर कहा कि किसी के जीवित होने की कोई खबर नहीं है। लेकिन इसके पहले स्थानीय मीडिया और अरबी टीवी चैनलों ने कहा था कि जीवित सात लोगों को बचा लिया गया है।
बचाव कर्मियों ने कहा है कि उन्होंने 28 शव बरामद किए हैं। उनमें से कम से कम 15 अपनी सीटों से बंधे हुए थे। सेना की गश्ती नौकाओं को दुर्घटनास्थल के आसपास बचाव कार्य में लगे हुए देखा गया है।
लेबनानी राष्ट्रपति माइकल सुलेमान ने इस हादसे को दुखद करार दिया है। उन्होंने सभी चिकित्सा और सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा है।
प्रधानमंत्री साद हरीरी ने मृतकों के लिए सोमवार को एक दिन के शोक की घोषणा की है। उन्होंने कहा, "हम विमान दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाना चाहते हैं और हम अपनी जांच में पारदर्शिता बरतेंगे।"
बेरूत स्थित फ्रांसीसी दूतावास के एक सूत्र ने बताया कि विमान में राजदूत की पत्नी भी सवार थीं। लेबनान के एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, "यात्रियों की सूची में फ्रांस के राजदूत की पत्नी सैंचेज पिटन का भी नाम देखा गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications