सड़क दुर्घटना में 4 महिलाओं समेत 6 की मौत
पटना, 25 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर कानकी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर कानकी के समीप एक बेलेरो और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गये। घायलों को किशनगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक बेलेरो पर सवार लोग सिक्किम से छपरा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे। इस मामले की एक प्राथमिकी कानकी थाना में दर्ज करा दी गई है तथा ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है, हालांकि दुर्घटना का मुख्य कारण कोहरा बताया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications