नवंबर में रिहा हो सकती हैं आंग सान सू ची
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गृह मंत्री मेजर जनरल माउंग ओ ने कुछ स्थानीय अधिकारियों को बताया है कि नजरबंदी की अवधि खत्म होने के बाद सू ची को रिहा किया जा सकता है।
नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एलएनडी) की 64 वर्षीया नेता सू ची ने पिछले 20 वर्षो में से 14 वर्ष नजरबंदी में गुजारी हैं। उनकी सजा की अवधि को समय-समय पर बढ़ाया गया। पिछले साल अगस्त में उनकी नजरबंदी 18 महीने बढ़ा दी गई थी जब एक अमेरिकी नागरिक झील के किनारे बने हुए उनके घर तक तैरकर पहुंच गया था।
सूत्रों के अनुसार सू ची की 18 महीने की नजरबंदी की अवधि नवंबर में समाप्त होने वाली है। एनएलडी के प्रवक्ता यू नयन विन ने सोमवार को कहा, "मुझे आशा है कि उन्हें नवंबर में रिहा कर दिया जाएगा लेकिन मैं निश्चित रूप से यह नहीं कह सकता कि उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।"
अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार समूह और कई देशों की सरकारें सू ची और अन्य राजनीतिक कैदियों को इस वर्ष होने वाले आम चुनाव से पहले रिहा करने की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications