पिता-पुत्रों की तिकड़ी पहुंची विधानसभा, कांग्रेस अभी भी बहुमत से पीछे
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय सिंह चौटाला पहले से ही हरियाणा विधानसभा के सदस्य हैं। उनके दूसरे बेटे अभय सिंह चौटाला भी एलनाबाद विधानसभा सीट का उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच गए हैं।
अगले महीने से राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। पिता-पुत्रों की यह तिकड़ी विधानसभा में साथ-साथ नजर आएगी।
एलनाबाद सीट पर अभय की जीत से इनेलो में जहां उत्साह का माहौल है वहीं यहां मिली हार से कांग्रेसी खेमा निराश है। तीन महीने पहले दूसरी बार राज्य की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा की यह पहली अग्निपरीक्षा थी जिसमें वह विफल रहे।
90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस अभी भी बहुमत से एक अंक पीछे यानी 45 है। अपने दम बहुमत के लिए आवश्यक 46 के आंकड़े को पार करने के लिए एलनाबाद का उपचुनाव जीतने की उसने भरपूर कोशिश की थी।
एलनाबाद में हार के बावजूद कांग्रेस की हुड्डा सरकार को तत्काल कोई खतरा नहीं है क्योंकि उसे सात निर्दलीय व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक विधायक का समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस व उसे समर्थन दे रहे विधायकों की कुल संख्या 53 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications