आमिर, सैफ, सायना, सहवाग को पद्म पुरस्कार
नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कारों की सोमवार को यहां घोषणा कर दी गई। यह सम्मान कला, साहित्य,विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, शिक्षा, सिनेमा, खेल आदि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन श्रेणियों-पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के तहत प्रदान किए जाते हैं।
इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इस बार राष्ट्रपति ने कुल 130 हस्तियों को इस सम्मान से नवाजे जाने के लिए चुना है। इस बार छह हस्तियों को पद्म विभूषण, 43 को पद्म भूषण तथा 81 को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 17 महिलाएं भी हैं।
विशिष्ट और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया जाने वाला पद्म विभूषण सम्मान इस बार इब्राहिम अल्काजी, जोहरा सहगल, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टर वेंकटरामन रामकृष्णन सहित छह हस्तियों को दिया गया है।
पद्म भूषण सम्मान के लिए इस बार 43 हस्तियों को चुना गया है। इनमें बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, संगीतकार ए. आर रहमान, मल्लिका साराभाई, पत्रकार फरीद जकारिया, शिक्षा के क्षेत्र में प्रोफेसर बिपिन चंद्रा, प्रमुख हैं।
किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाने वाला पद्म श्री सम्मान इस बार 81 हस्तियों को चुना गया है। इनमें रेखा, उस्ताद एफ. वसीफुद्दीन डागर, अभिनेता सैफ अली खान, ऑस्कर से नवाजे गए रसूल पोकुट्टी, खेल के क्षेत्र में कुमार राम नारायण कार्तिकेयन, सायना नेहवाल, वीरेंद्र सहवाग, विजेंद्र सिंह, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में इरशाद मिर्जा शामिल हैं।
ये पुरस्कार इस साल मार्च या अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील प्रदान करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications