चण्डीगढ़ में वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ीं
अल्केश शर्मा
चण्डीगढ़, 25 जनवरी (आईएएनएस)। अगर आपके पास स्कोर्पियो, सफारी या बोलेरो गाड़ी है तो सजग रहिए। देश में सबसे ज्यादा वाहन वाले शहरों में गिने जाने वाला चण्डीगढ़ इस समय कार चोरों का मनपसंद जगह बना हुआ है।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक वर्ष 2009 में चण्डीगढ़ के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन कम से कम तीन वाहन चोरी हुए। जिस तरह वाहन चोरी के मामलों की तादाद में वृद्धि हुई उसी तरह वाहन चोरी के मामले सुलझाने में भी कमी आई है।
यहां साल 2009 में 1,117 वाहन चोरी हुए जिनमें 30 फीसदी चार पहिया वाहन शामिल हैं जोकि 2008 से दो फीसदी ज्यादा है, जब वाहन चोरी के 1,094 मामले ही दर्ज किए गए थे।
चण्डीगढ़ के उप महानिरीक्षक महावीर सिंह ने आईएएनएस को बताया,"पिछले वर्ष मोटर वाहन चोरी के मामलों में वृद्धि देखी गई लेकिन हम अपनी ओर से भरसक कोशिश कर रहे हैं कि इनमें कमी आए। वर्ष 2008 में हमने इसी समय कई अंतर्राज्यीय गिरोहों का भंड़ाफोड़ किया था।"
उन्होंने कहा कि एक नियमित अंतराल पर चण्डीगढ़ के निवासियों को चोरों से अगाह रहने और अपने वाहनों में सर्तकता उपकरण लगाने की सलाह दी जाती रही है। इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इनमें कमी आएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications