स्वच्छ लोकतंत्र के लिए चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ बनाएं : राष्ट्रपति
चुनाव आयोग की हीरक जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पाटील ने कहा कि देश की शानदार लोकतांत्रिक साख है, लेकिन अन्य देशों के लिए आदर्श बनने के रास्ते में अभी भी चुनौतियां खड़ी हैं।
पाटील ने कहा, "इसके लिए जरूरी यह है कि हमें चुनावी प्रक्रिया में मौजूद बाधाओं, कमियों और भ्रष्टाचार के बारे में जागरूक होना चाहिए। अपने लोकतंत्र को स्वच्छ, स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिए हमें पूरी दृढ़ता के साथ इन्हें मिटाना होगा।"
पाटील ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को हर हाल में संवैधानिक मूल्यों, भावनाओं और सिद्धांतों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "लोकतंत्र हमारे संविधान का श्रृंगार है। हमें यह देखना है कि जनता को दिया गया वोट देने का अधिकार उन्हें लोकतंत्र के जरिए अपना भाग्य बदलने के लिए पर्याप्त रूप से सक्षम बनाता है। साथ ही हमें यह भी देखना है कि लोकतंत्र को पूरी तरह सहभागिता वाला बनाने का क्या महत्व है।"
पाटील ने उम्मीद जाहिर की है कि जनता को शासन प्रक्रिया में शामिल करने के लिए लोकतंत्र को समाज की गहराई तक ले जाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications