ईवीएम से भारतीय चुनावों की विश्वसनीयता बढ़ी : प्रधानमंत्री
भारत निर्वाचन आयोग के हीरक जयंती समारोह के उद्घाटन सत्र में सिंह ने कहा, "प्रौद्योगिकी में हुए परिवर्तन को अपनाने और इसे निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल करने में निर्वाचन आयोग शीघ्रता करता है।"
सिंह ने कहा कि मतपत्रों और मतपेटियों को हटाकर ईवीएम को लाना और एक दिन में परिणाम की घोषणा 'कुछ मायनों में एक सफलता है।'
प्रधानमंत्री के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया में उन्नत प्रौद्योगिकी से इसकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता बढ़ी है।
उन्होंने कहा, "अधिकांश मतदाताओं के पास पहचान पत्र हैं, संवेदनशील मतदान केंद्रों में वीडियो रिकार्डिग होती है, राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय टेलीविजन पर मुफ्त में समय उपलब्ध होता है। इन सुधारों से न केवल चुनावों को शीघ्रता से कराने में मदद मिलती है वरन इससे पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ती है।"
प्रधानमंत्री ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, "भारत निर्वाचन आयोग को जाति, पंथ, लिंग, आय या स्थान का ध्यान रखे बिना सभी वयस्क भारतीयों को वोट देने का अवसर उपलब्ध कराने की आकांक्षा को वास्तविकता में बदलने की जिम्मेदारी दी गई है। निस्संदेह यह एक बड़ा कार्य है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयोग इन चुनौतियों से उबरा है। यह आयोग की विश्वसनीयता है कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद पूरी दुनिया भारत के चुनावों को स्वतंत्र और निष्पक्ष मानती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications