आखिर वाहनों के पीछे कुत्ते क्यों भौंकते हैं?
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर गाड़ी के पीछे कुत्ते क्यों भोंकते हैं? माना जाता है कि इसकी वजह सड़कों पर घुमने वाले कुत्तों को स्नेह नहीं मिलना है।
दिल्ली में सड़कों पर घुमने वाले करीब 265,000 लावारिस कुत्ते हैं। अक्सर सड़कों पर वाहन चलाते वक्त कुत्ते पीछे दौड़ पड़ते हैं। कई लोग तो इसे मनोरंजन के तौर पर भी लेने लगे हैं।
गौरी हर रोज बच्चों को कार से बस स्टॉप तक छोड़ने जाती हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही वह स्टॉप पहुंचती हैं काले रंग का एक कुत्ता उन पर भौंकना शुरू कर देता है। बच्चों ने इस कुत्ते का नाम 'गुस्सी' रख दिया है।
पशु चिकित्सक आर.टी.शर्मा का कहना है कि स्नेह की कमी के वजह से कुत्ते अक्सर भौंकना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा, "कुत्ते को जब स्नेह नहीं मिलता है तो वह भौंकना शुरू कर देता है और जब उसे यह अहसास हो जाता है कि कोई उसे प्यार कर रहा है तो वह खेलना शुरू कर देता है।"
शर्मा ने कहा कि कुत्तों के अनायास भौंकने के पीछे एक कारण यह भी होता है कि वह अपने इलाके में खुद की रक्षा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "कुत्तों को लगता है कि कार या कोई अन्य वाहन उनके लिए खतरा है, जिस वजह से वे भौंकना आरंभ कर देते हैं। आत्मरक्षा के लिए वे ऐसे कदम उठाते हैं।"
शर्मा ने कहा कि यदि सड़क पर कुत्तों का झुंड आप पर हमला करने की कोशिश करे तो भयभीत नहीं होकर उन्हें कुछ खाने के लिए दें। उन्होंने कहा, "ऐसा करने से उनसे आपकी दोस्ती हो जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि सड़कों पर कुत्तों के काटने की घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं। इस संबंध में दिल्ली नगर निगम के प्रवक्ता दीप माथुर ने कहा कि वर्ष 2009 में लोगों को कुतों द्वारा काटे जाने के लगभग 14,000 मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा सड़कों पर घुमने वाले कुत्तों को पकड़ने के लिए लगभग 10 गैरसरकारी संगठन काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications