हैती में बचाव कार्य समाप्त, मृतकों की संख्या 111,000 हुई
उधर हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस के एक होटल के मलबे से भूकंप आने के 11 दिन बाद एक युवा व्यक्ति को जीवित निकाला गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पोर्ट-ओ-प्रिंस के मध्य में स्थित होटल नेपोली के मलबे से फ्रांसीसी, अमेरिकी और ग्रीस के बचाव दलों ने उस व्यक्ति को बाहर निकाला।
हैती की सरकार ने शनिवार को कहा था कि खोज और बचाव कार्य को छोड़कर अब सहायता कार्यो पर ध्यान देने की जरूरत है। अंतर्राष्ट्रीय बचाव दलों ने 12 जनवरी को आए रिक्टर पैमाने पर सात की तीव्रता वाले भूकंप के बाद से 132 लोगों को जीवित बचाया है।
हैती सरकार के पहले सरकारी आंकड़ें के अनुसार 111,481 लोगों की मौत हुई है।
हैती में अब भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय प्रयास जारी हैं। यद्यपि मलबे में जिंदा लोगों का पता लगाने के लिए भी सीमित प्रयास जारी हैं।
शनिवार को राष्ट्रीय कैथ्रेडल में आर्कबिशप जोसेफ सेर्जे मिऑट के अंतिम संस्कार में करीब 1,000 लोग जुटे। इनमें राष्ट्रपति रेने प्रेवेल और उनकी पत्नी भी शामिल थीं। भूकंप के बाद से प्रेवेल बहुत कम सार्वजनिक समारोहों में शामिल हुए।
अंतिम संस्कार के बाद कुछ लोगों ने राष्ट्रपति के खिलाफ प्रदर्शन किया और पूर्व राष्ट्रपति जीन बर्ट्रेंड एरिस्टाइड के समर्थन में नारेबाजी की। एरिस्टाइड को वर्ष 2004 में सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications