हैती में मृतकों की संख्या 111,000 हुई (राउंडअप)
उधर, हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस के एक होटल के मलबे से भूकंप के 11 दिन बाद एक युवक को जीवित निकाला गया। अंतर्राष्ट्रीय बचाव दलों ने 12 जनवरी को आए रिक्टर पैमाने पर सात की तीव्रता वाले भूकंप के बाद से 132 लोगों को जीवित बचाया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पोर्ट-ओ-प्रिंस के मध्य में स्थित होटल नेपोली के मलबे से फ्रांसीसी, अमेरिकी और ग्रीस के बचाव दलों ने उस व्यक्ति को बाहर निकाला।
हैती सरकार ने शनिवार को कहा था कि खोज और बचाव कार्य को छोड़कर अब सहायता कार्यो पर ध्यान देने की जरूरत है। हैती सरकार के पहली बार जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार 111,481 लोगों की मौत हुई है।
हैती में अब भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय प्रयास जारी हैं। यद्यपि मलबे में जिंदा लोगों का पता लगाने के लिए भी सीमित प्रयास जारी हैं।
शनिवार को राष्ट्रीय कैथ्रेडल में आर्कबिशप जोसेफ सेर्जे मिऑट के अंतिम संस्कार में करीब 1,000 लोग जुटे। इनमें राष्ट्रपति रेने प्रेवेल और उनकी पत्नी भी शामिल थीं। भूकंप के बाद से प्रेवेल बहुत कम सार्वजनिक समारोहों में शामिल हुए हैं।
अंतिम संस्कार के बाद कुछ लोगों ने राष्ट्रपति के खिलाफ प्रदर्शन किया और पूर्व राष्ट्रपति जीन बर्ट्रेंड एरिस्टाइड के समर्थन में नारेबाजी की। एरिस्टाइड को वर्ष 2004 में सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।
संयुक्त राष्ट्र मानवीय बल के गठन की मांग :
मेक्सिको : शक्तिशाली भूकंप की मार झेलने वाले कैरिबियाई देश हैती के राष्ट्रपति रेने प्रेवाल ने संयुक्त राष्ट्र से अपील की है कि वह भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष मानवीय बल का गठन करे।
हैती के राष्ट्रपति ने कहा कि संयुक्त शांतिरक्षक दल 'ब्लू हेलमेट' आपदा के बाद की स्थिति से निपटने में प्रशिक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष बल बनाने की जरूरत है, जिसे 'रेड हेलमेट' का नाम दिया जाना चाहिए।
हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में शनिवार को भूकंप पीड़ितों की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सहायता में तेजी लाने के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों को विशेष मानवीय बल का गठन करना चाहिए।
विवादास्पद कार्टूनिस्ट की कलाकृति ने जुटाया हैती के लिए धन :
कोपेनहेगन : डेनमार्क के जिस कार्टूनिस्ट के कार्टून ने वर्ष 2006 में मुस्लिम जगत में हिंसक प्रदर्शनों को जन्म दिया था, उसी कलाकार की जल रंगों की एक कृति ने भूकंप से तबाह हुए हैती के लिए 19,000 डॉलर की धनराशि जुटाई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार समाचार पत्र, पॉलिटिकन ने खबर दी है कि कुर्ट वेस्टरगार्ड की एक गैर राजनीतिक कृति को स्कैंडरबोर्ग की एक आर्ट गैलरी द्वारा ऑनलाइन आयोजित की गई नीलामी में बेचा गया है।
गैलरी ड्रौपनर के मालिक एरिक गुलडागर ने समाचार पत्र को बताया है कि इस नीलामी में खरीदारों ने इतनी रुचि दिखाई कि गैलरी का ई-मेल सर्वर ही बैठ गया, अन्यथा इससे भी ऊंची बोलियां लगाई गई होतीं।
गुलडागर के पास इस नीलामी को आयोजित करने का प्रस्ताव तब आया, जब नीलाम कर्ता लौरिट्ज डॉट कॉम ने इस सप्ताह के प्रारंभ में इस कृति की नीलामी से हाथ खड़े करते हुए कहा कि वह अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस कृति की नीलामी नहीं आयोजित करेगा।
वेस्टरगार्ड (74) अपने उस विवादित कार्टून के लिए चर्चित हैं, जिसमें उन्होंने पैगम्बर मोहम्मद की पगड़ी में एक बम लगा हुआ दिखाया था। यह कार्टून सितंबर 2005 में समाचार पत्र जीलैंड्स-पोस्टन में प्रकाशित हुए 12 चित्रों में से एक था।
इस कार्टून को लेकर मुसलमानों में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और 2006 के प्रारंभ में विश्वव्यापी हिंसक प्रदर्शन हुए थे। उसके बाद वेस्टरगार्ड पर कई बार कातिलाना हमले हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications