भारत और दक्षिण कोरिया परमाणु समझौते पर चर्चा करेंगे (लीड-1)
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली म्यांग-बाक मंत्रियों, सांसदों और व्यापारियों के एक भारीभरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ चार दिवसीय भारत दौरे पर रविवार को चेन्नई पहुंचे।
दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने हुंडई कार कंपनी का दौरा किया। म्यांग-बाक गणतंत्र दिवस के मौके पर विशेष अतिथि होंगे।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को म्यांग-बाक के साथ विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इन मुद्दों में आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाना और अंतरिक्ष तकनीक तथा असैन्य परमाणु सहयोग के दायरे को बढ़ाना शामिल हैं।
ज्ञात हो कि दक्षिण कोरिया परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) का सदस्य है। गत वर्ष सितम्बर महीने में हुई एनएसजी की बैठक में उसने भारत के लिए वैश्विक असैन्य परमाणु व्यापार के दरवाजे को खोलने का समर्थन किया था।
प्रधानमंत्री इस मौके पर म्यांग-बाक को यह आश्वासन दे सकते हैं कि उनकी सरकार 12 अरब डॉलर की लागत वाली उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले की पास्को परियोजना में तेजी लाने का हरसंभव प्रयास कर रही है। ज्ञात हो कि म्यांग-बाक ने पिछले दिनों उम्मीद जताई थी कि यह परियोजना दोनों देशों के औद्योगिक सहयोग की दिशा में एक आदर्श साबित हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications