कोहरे से 50 उड़ानें और 100 रेलगाड़ियां प्रभावित (लीड-2)
भारत मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "कोहरे की वजह से रविवार को सुबह कई घंटे तक दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। ऐसी संभावना है कि सोमवार को भी घना कोहरा छा सकता है।"
रविवार को हालांकि शहर का अधिकतम तापमान औसत से तीन डिग्री ज्यादा 24 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन ढलने के साथ अच्छी धूप खिली और ऐसा ही मौसम सोमवार को भी बने रहने की संभावना है।
घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और दिल्ली के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर उड़ानों और रेलगाड़ियों में देरी की वजह से सैकड़ों यात्री फंस रहे और उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारी ने कहा कि सुबह दृश्यता काफी कम थी जिसकी वजह से 8 बजे कोई विमान न तो उड़ान भर सका और न ही उतर सका। इसकी वजह से 15 उड़ानों को रद्द कर दिया गया।
चण्डीगढ़वासियों को रविवार को धूप खिलने से कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे से राहत मिली जबकि पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की सर्दी जारी है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "चण्डीगढ़ और आसपास के इलाकों को सर्दी और घने कोहरे से राहत मिली है। हालांकि पंजाब और हरियाणा के कई हिस्से अभी भी धुंध की चपेट में हैं जिससे दृश्यता स्तर में कमी आई है।"
उन्होंने बताया, "आने वाले दिनों में इस क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। बूंदाबादी की वजह से रात के तापमान में गिरावट आएगी।"
पंजाब में अमृतसर शहर सबसे सर्द रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से चार डिग्री कम है। लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 5.4 डिग्री और 6.3 डिग्रा सेल्सियस रहा।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अम्बाला शहर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया जो औसत से तीन डिग्री कम है। करनाल का तापमान 4.4 डिग्री दर्ज रहा जो औसत से तीन डिग्री कम और हिसार में तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications