अन्य शहरों की अपेक्षा ज्यादा सुरक्षित है चण्डीगढ़, पुलिस का दावा
चण्डीगढ़, 24 जनवरी (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ पुलिस का कहना है कि पिछले साल भले ही यहां पर हत्या के मामलों में वृद्धि हुई हो, लेकिन देश के अन्य शहरों की अपेक्षा चण्डीगढ़ ज्यादा सुरक्षित है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2009 में चण्डीगढ़ में हत्या के 22 मामले दर्ज किए गए जबकि वर्ष 2008 में 17 मामले दर्ज किए गए थे। इस प्रकार हत्या के मामलों में 29.41 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
हालांकि चण्डीगढ़ पुलिस ने इस बात का दावा किया है कि देश के अन्य शहरों की तुलना में यहां हत्या के मामले कम हैं।
चण्डीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.ए. श्रीवास्तव ने कहा, "चण्डीगढ़ में एक लाख की जनसंख्या के बीच हत्याओं की दर 1.69 फीसदी है जबकि दिल्ली में तीन प्रतिशत है। पटना में 8.9, फरीदाबाद में 6.2, लखनऊ में 4.7, बेंगलुरु में 4.3, पुणे में 3.4 तथा विजयवाड़ा में 3.3 फीसदी है। इसमें आश्चर्य जैसी कोई बात नहीं है। अपराध के मामले में चण्डीगढ़ की तुलना में कई शहरों की स्थिति बहुत अधिक खराब है।"
उन्होंने कहा, "यदि यहां हत्या के मामलों में वृद्धि होती है तो उसी समय कार्रवाई करने की दर में भी बढ़ोतरी होती है। पिछले साल हत्या के 20 मामलों को सुलझाया गया। वहीं वर्ष 2008 में 14 मामलों को सुलझाया गया। वर्ष 2009 में कार्रवाई करने की दर जहां 90.9 फीसदी दर्ज की गई वहीं वर्ष 2008 में यह 82.35 फीसदी दर्ज की गई थी। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications