महंगाई के नाम पर संप्रग ने किया महाघोटाला : भाजपा
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर महंगाई के नाम पर महाघोटाला करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के इस्तीफे की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि अपने सभी दायित्वों से पल्ला झाड़ते हुए पवार अब यह बेतुका और हास्यास्पद बयान दे रहे हैं कि देश के सभी जिलों में बरसात हो और महंगाई कम हो जाए, इसकी अगर कोई गारंटी लेता है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
उन्होंने कहा, "पवार का यह वक्तव्य पूर्णत: गैर-जिम्मेदाराना है और संप्रग सरकार के उस झूठे दावे की पोल खोलता है, जिसमें स्वयं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि अगर दोबारा संप्रग की सरकार बनती है तो 100 दिनों में महंगाई कम होगी। आम आदमी के नाम पर बनी सरकार सटोरियों और जमाखोरों को लाभ पहुंचाने वाली सरकार बन गई है। यह सरकार घोटालों की सरकार है।"
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के समय में देश में भयंकर अकाल पड़ा था। उसके बावजूद गेंहू 9 रूपए, चावल 10 रूपए, चीनी 14 रूपए, चना दाल 25 रूपए और मूंग दाल 24 रूपए प्रतिकिलो की दर से बिक रही थी लेकिन आज इनकी कीमतों में 250 से 500 फीसदी तक वृद्धि हुई है। दामों में इतनी वृद्धि सिर्फ घोटाला ही नहीं बल्कि महाघोटाला है। यह सरकार की गलत नीतियों व उसकी नाकामियों का ही नतीजा है कि कि आज आम आदमी पिस रहा है।
प्रसाद ने कहा, "भाजपा प्रधानमंत्री से अविलंब शरद पवार को बर्खास्त किए जाने और सभी घोटालों की सीबीआई जांच की मांग करती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications