सरकारी विज्ञापन में पाक के पूर्व वायु सेना प्रमुख का फोटो, पीएमओ ने मांगी माफी (राउंडअप)

कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ छपे इस विज्ञापन में पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख की तस्वीर छपी है। इस पूरे प्रकरण के चलते बैकफुट पर आई महिला व बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा तीरथ ने कहा कि विज्ञापन में छपे फोटो से ज्यादा उसमें निहित संदेश महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन और दृश्यप्रचार निदेशालय (डीएवीपी) की ओर से जारी इस विज्ञापन में पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख तनवीर अहमद की तस्वीर है। वह वर्ष 2006 से 2009 तक पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख थे। इस विज्ञापन में कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग और उस्ताद अमजद अली खान के फोटो भी हैं।

यही नहीं, इस विज्ञापन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और तीरथ की तस्वीरें भी छपी हैं।

मीडिया में इस मामले के तूल पकड़ते ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर इस पर देशवासियों से माफी मांगी। प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सरकारी विज्ञापन में एक विदेशी नागरिक के छपे फोटो को संज्ञान में लिया है। इसके लिए हम खेद व्यक्त करते हैं।"

बयान में कहा गया, "इस मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पीएमओ इस गलती के लिए देशवासियों से माफी मांगता है।"

अपने मंत्रालय की ओर से छपे इस विवादित विज्ञापन को लेकर आलोचनाएं झेल रहीं कृष्णा तीरथ ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "फोटो नहीं विज्ञापन में निहित संदेश महत्वपूर्ण है। इस विज्ञापन का मुख्य मकसद कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए महिलाओं को जागरूक करना है।"

इस मामले को तूल देने के लिए तीरथ ने मीडिया की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, "आप लोग बेवजह इसे तूल दे रहे हैं। फोटो तो सिर्फ सांकेतिक है। इसमें बालिका के लिए निहित संदेश का महत्व है। हमें उसकी ओर ध्यान देना चाहिए।"

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी कहा कि मीडिया बेवजह इस मामले को तूल दे रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह कोई छोटी गलती नहीं है। यह भारी चूक है। सरकार को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "यदि हमारे नेता और सरकारी अधिकारी अपने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को नहीं पहचानते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। फर्ज कीजिए कि गलती से हमारे सरकारी विज्ञापन में भारतीय प्रधानमंत्री की जगह पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का फोटो छप जाता तो क्या होता।"

भाजपा के एक अन्य नेता व पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "यह भयंकर भूल है। कोई मंत्रालय ऐसा कैसे कर सकता है।"

सूत्रों के मुताबिक विज्ञापन का डिजाइन एक प्रसिद्ध मीडिया घराने से जुड़ी एक एजेंसी ने तैयार किया है। इसे खुद मंत्री कृष्णा तीरथ ने हरी झंडी दी थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+