भारत और दक्षिण कोरिया के बीच परमाणु समझौते पर होगी चर्चा
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली म्यांग-बाक चार दिवसीय भारत दौर पर रविवार को चेन्नई पहुंचे। वह आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे। म्यांग-बाक गणतंत्र दिवस के मौके पर विशेष अतिथि होंगे।
म्यांग-बाक की प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सोमवार को विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। इनके अलावा आर्थिक संबंधों, अंतरिक्ष तकनीक और नागरिक परमाणु सहयोग के मुद्दों पर भी दोनों नेता बातचीत करेंगे।
ज्ञात हो कि दक्षिण कोरिया परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) का सदस्य है। गत वर्ष सितम्बर महीने में वैश्विक नागरिक परमाणु व्यापार के मद्देनजर एनएसजी की बैठक में उसने भारत का समर्थन किया था।
प्रधानमंत्री इस मौके पर म्यांग-बाक को यह आश्वासन दे सकते हैं कि उनकी सरकार 12 अरब डॉलर की लागत वाली उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले की पास्को परियोजना में तेजी लाने का हरसंभव प्रयास कर रही है। ज्ञात हो कि म्यांग-बाक ने पिछले दिनों उम्मीद जताई थी कि यह परियोजना दोनों देशों के औद्योगिक सहयोग की दिशा में एक आदर्श साबित हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications