कांग्रेस संगठन में जल्द ही होगा फेरबदल : फर्नाडीस
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नाडीस ने कहा है कि कांग्रेस संगठन में जल्द ही फेरबदल होगा जिसके तहत नए महासचिवों व अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। पार्टी संगठन में कई ऐसे पदाधिकारी हैं जो फिलहाल सरकार के साथ-साथ संगठन में भी दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष फर्नाडीस ने रविवार को आईएएनएस से एक खास बातचीत में कहा कि संगठन में फेरबदल होना है। यह पूछे जाने पर क्या यह जल्द ही होगा, उन्होंने कहा, "होना तो चाहिए।"
कांग्रेस के केंद्रीय संगठन में फिलहाल नौ महासचिव, आठ-राज्य प्रभारी, और 39 सचिव हैं। इनमें सात पदाधिकारी गुलाम नबी आजाद, मुकुल वासनिक, पृथ्वीराज चव्हाण, एम. वीरप्पा मोइली, ए. के. एंटनी, वी. नारायणसामी और जयराम रमेश प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री भी हैं।
कांग्रेस में 1990 के मध्य से एक व्यक्ति एक पद का प्रावधान है। फेरबदल को लेकर रोजाना तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। संभावना है कि फरवरी में यह फेरबदल हो।
फर्नाडीस के मुताबिक संगठन के साथ सरकार में भी आंशिक फेरबदल हो सकता है। उनका कहना है कि संगठन और सरकार में फेरबदल एक दूसरे के पूरक हैं। वह कहते हैं, "पार्टी नेतृत्व के सामने यह स्पष्ट है कि कौन सा नेता किस काम को प्रभावी ढंग से कर सकता है।"
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी के राजनीति में कदम रखने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह तो पहले से ही राजनीति में हैं। वह अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सक्रिय रहती हैं। "हां, जहां तक पार्टी के लिए पूरा समय देने की बात है तो यह उन्हीं पर निर्भर करता है। पार्टी कार्यकर्ता तो चाहते हैं कि वह और भी सक्रिय हों।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तर्ज पर कांग्रेस में भी पदाधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए एक तंत्र बनाने के बारे में पूछे जाने पर फर्नाडीस ने कहा, "कांग्रेस पदाधिकारियों ने पिछले आम चुनाव में अपनी काबिलियत साबित कर दी है। भाजपा की क्या योजना है, उस पर मैं प्रतिक्रिया देना नहीं चाहूंगा।" गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने पिछले दिनों पार्टी पदाधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन किए जाने की बात कही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
* *












Click it and Unblock the Notifications