द्विपक्षीय वार्ता के लिए क्रिकेट का जारी रहना जरूरी : श्याम शरण
गुलाबी नगरी में जारी 'जयपुर साहित्य उत्सव' में अपनी बात रखते हुए शरण ने कहा, "मेरी नजर में किसी भी शिक्षित समाज में द्विपक्षीय वार्ता और क्रिकेट जैसे खेल का जारी रहना जरूरी होता है। पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते के संबंध में भी यह बात लागू होती है।"
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण के लिए बीते मंगलवार को हुई नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगने को लेकर शरण ने अफसोस जाहिर किया।
उन्होंने कहा, "मुझे अफसोस है कि हम अपने पड़ोसी देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान नहीं कर पाए। मेरी नजर में हालांकि यह भी एक सच्चाई है कि भारत और पाकिस्तान के शिक्षित लोग आईपीएल जैसे आयोजन को लेकर अपने विचारों को प्रभावित नहीं होने देंगे। हम एक दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद हमारे बीच कई मामलों में बहुत बड़े स्तर पर द्विपक्षीय संबंध जारी हैं।"
इस अवसर पर पाकिस्तान के युवा लेखक अली सेठी ने कहा कि ऐसे में जबकि पाकिस्तान के लोग भारत के साथ अपने रिश्ते सुधारने में जुटे हैं, आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की अनदेखी होने से वे काफी परेशान हैं।
सेठी ने कहा, "पाकिस्तान की मीडिया बहुत जीवंत है। एक संगोष्ठी के दौरान आईएसआई के एक अधिकारी ने कहा था-"आप देख लीजिए। हमारे प्रति भारत का यही रुख है। वह हमें बेइज्जत करना चाहता है।" ऐसी स्थिति में समाज का जो वर्ग दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते का पक्षधर है, वह भी काफी आहत दिख रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications