फोटो नहीं विज्ञापन में निहित संदेश महत्वपूर्ण : कृष्णा तीरथ
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अपने मंत्रालय की ओर से छपे एक विवादित विज्ञापन को लेकर आलोचनाएं झेल रहीं केंद्रीय महिला एव्ां बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने रविवार को कहा कि विज्ञापन में निहित संदेश फोटो से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से विज्ञापन और दृश्यप्रचार निदेशालय (डीएवीपी) ने रविवार को देश के प्रमुख अखबारों में एक विज्ञापन जारी किया है जिसमें पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख तनवीर अहमद का फोटो है। वह वर्ष 2006 से 2009 तक पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख थे। इस विज्ञापन में कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग और उस्ताद अमजद अली खान के फोटो भी हैं।
तीरथ ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "फोटो नहीं विज्ञापन में निहित संदेश महत्वपूर्ण है। इस विज्ञापन का मुख्य मकसद कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए महिलाओं को जागरूक करना है।"
इस मामले को तूल देने के लिए तीरथ ने मीडिया की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, "आप लोग बेवजह इसे तूल दे रहे हैं। फोटो तो सिर्फ सांकेतिक है। इसमें बालिका के लिए निहित संदेश का महत्व है। हमें उसकी ओर ध्यान देना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications