विज्ञापन मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय ने मांगी माफी (लीड-1)
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से रविवार को देश के प्रमुख अखबारों में छपे एक विज्ञापन से सांसत में आई सरकार ने तत्काल इसके लिए माफी मांग ली। कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ इस विज्ञापन में पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख का फोटो छापा गया है।
प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सरकारी विज्ञापन में एक विदेशी नागरिक के छपे फोटो को संज्ञान में लिया है। इसके लिए हम खेद व्यक्त करते हैं।"
बयान में कहा गया, "इस मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पीएमओ इस गलती के लिए देशवासियों से माफी मांगता है।"
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से विज्ञापन और दृश्यप्रचार निदेशालय (डीएवीपी) ने यह विज्ञापन जारी किया है। इसमें पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख तनवीर अहमद का फोटो मौजूद है। वह वर्ष 2006 से 2009 तक पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख थे। इस विज्ञापन में कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग और उस्ताद अमजद अली खान के फोटो भी हैं।
बहरहाल, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख का फोटो इस विज्ञापन में कैसे छापा गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस मामले को लेकर आपत्ति दर्ज की थी। पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने इस मामले में केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications