उत्तर प्रदेश में छाया घना कोहरा
घने कोहरे के कारण दृश्यता इतनी कम है कि सड़कों पर गाड़ियों को रेंगना पड़ रहा है। सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है। शनिवार को दिन में धूप खिलने की संभावना बहुत कम है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ में राज्य का सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यही हाल दूसरे शहरों का भी रहा। कानपुर में 3.9, इलाहाबाद में 4.3, वाराणसी में 5.3, शाहजहांपुर में 4.3, हमीरपुर में 4.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के पर्वतीय इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और बारिश हुई है। बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली हवाएं मैदानी इलाकों में सर्दी ला रही हैं और बारिश के कारण हवाओं में नमी है, जिससे कोहरा छा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर से राहत मिलती नहीं दिख रही है। प्रदेश सरकार का सभी 71 जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश है कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए कुल 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
घने कोहरे ने रेलगाड़ियों की रफ्तार कम कर दी है। लखनऊ मेल, पद्मावत एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस और गंगा गोमती एक्सप्रेस सहित राजधानी लखनऊ की तरफ आने वाली अन्य रेलगाड़ियां तीन से 15 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। कई रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं।
इसके अलावा घने कोहरे ने उड़ानों पर भी असर डाला है। शनिवार सुबह नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली किंगफिशर और इंडियन एयरलाइन्स की उड़ानें निर्धारित समय के दो घंटे बाद अभी तक नहीं पहुंची हैं। सुबह साढ़े सात बजे लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली जेट लाइट की उड़ान को घने कोहरे के मद्देनजर रद्द कर दिया गया है। मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ानें निर्धारित समय से दो से चार घंटे विलंब से पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications